CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी, झारखंड और ओडिशा क्षेत्र में बने लो प्रेशर एरिया के प्रभाव से प्रदेश में लगातार नमी पहुंच रही है। इसके चलते पिछले 24 घंटे में मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है।![]()
बिलासपुर में बाढ़
लगातार बारिश के कारण बिलासपुर में 20 साल बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नेशनल हाईवे-49 पर कई स्थानों पर 4 से 5 फीट तक पानी भर गया, जिससे आवागमन पूरी तरह बंद हो गया। सरकंडा के लिंगियाडीह क्षेत्र में तेज बहाव में बहने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। बाद में उसका शव झाड़ियों में मिला।
सड़कें और घर पानी में डूबे
श्रीकांत वर्मा मार्ग, हंसा विहार, मित्र विहार, सरकंडा के बंधवापारा, जोरापारा और शिवम होम्स सहित कई इलाकों की सड़कें और घर जलमग्न हो गए। कोटमीसोनार में लीलागर नदी के पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण प्रशासन ने मार्ग को एहतियातन बंद कर दिया है। लोगों से अनावश्यक यात्रा नहीं करने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की गई है।
स्कूल बंद, ट्रेनें रद्द
बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए बिलासपुर जिले के सभी स्कूलों में शुक्रवार को अवकाश घोषित किया गया। रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से 5 मेमू ट्रेनें रद्द कर दी गईं, जबकि 3 ट्रेनों का रूट बदल दिया गया।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में शनिवार को दिनभर बादल छाए रहने, बीच-बीच में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
CG Rain Update: 2 दिन की मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यवस्त, नदी-नाले उफान पर





