CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। कई इलाकों में आषाढ़ जैसे हालात देखने को मिले। तेज हवाओं के कारण जगह-जगह पेड़ गिरने से सड़कें बाधित रहीं और कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए। रविवार सुबह तक प्रशासन द्वारा गिरे पेड़ों को हटाने का काम जारी रहा।. मौसम विभाग के अनुसार बस्तर संभाग को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सोमवार से मौसम साफ होने लगेगा। आसमान साफ होने के बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी और 20 मई के बाद प्रदेश में फिर से भीषण गर्मी और लू जैसी स्थिति बनने की संभावना है।. मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि बंगाल की खाड़ी, अंडमान-निकोबार क्षेत्र और विभिन्न चक्रवाती परिसंचरणों के प्रभाव से प्रदेश में बड़ी मात्रा में नमी पहुंच रही है। दोपहर की तेज गर्मी और नमी के कारण लोकल वेदर सिस्टम सक्रिय हो गए, जिससे कई जिलों में तेज बारिश और गरज-चमक देखने को मिली। रविवार को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश, अंधड़ और वज्रपात की संभावना बनी हुई है।. इन जिलों में यलो अलर्ट जारी. मौसम विभाग ने नारायणपुर, कांकेर, बालोद, राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज आंधी, बिजली गिरने और बारिश की चेतावनी दी गई है।. रायपुर में आज ऐसा रहेगा मौसम. राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
CG Weather Update: रायपुर समेत कई जिलों में आंधी-बारिश का असर, 20 मई के बाद फिर बढ़ेगी गर्मी
By worldprime
On: मई 18, 2026 11:05 पूर्वाह्न
---Advertisement---