Dhamtari Firing: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में फायरिंग प्रशिक्षण के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। गंगरेल मरादेव फायरिंग रेंज में राइफल का चैंबर फटने से एक नगर सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जवान को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रायपुर रेफर किया गया।. जानकारी के मुताबिक, गंगरेल बांध स्थित फायरिंग रेंज में करीब 136 नगर सैनिक एक माह के प्रशिक्षण में शामिल थे। सभी जवान थ्री नॉट थ्री राइफल से फायरिंग अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक राइफल का चैंबर फट गया, जिससे पास खड़ा जवान उसकी चपेट में आ गया।. घायल जवान की पहचान बलौदाबाजार निवासी चौबेलाल टंडन (45) के रूप में हुई है। घटना में राइफल का हिस्सा उसकी गर्दन और बाजू को छूते हुए निकल गया, जिससे वह घायल हो गया। हालांकि उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और वह बातचीत कर रहा है।. प्रशिक्षण प्रभारी सहायक उप निरीक्षक डीआर बांधे ने बताया कि यह प्रशिक्षण का अंतिम सत्र था और राइफल का चैंबर फटने की घटना संभवतः तकनीकी कारणों या गर्मी के चलते हुई।. जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. ए.के. टोंडर के अनुसार, घायल जवान को अस्पताल लाया गया था, जहां उसकी स्थिति सामान्य है, लेकिन चोटों को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रायपुर भेजा गया।. सरकारी एंबुलेंस की अनुपलब्धता के कारण घायल जवान को निजी एंबुलेंस से रायपुर के रामकृष्ण केयर अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन की व्यवस्था पर भी सवाल उठे हैं, क्योंकि मौके पर सरकारी एंबुलेंस उपलब्ध नहीं थी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
Dhamtari Firing: फायरिंग के दौरान फटा राइफल, जवान घायल
By worldprime
On: मई 4, 2026 6:40 अपराह्न
---Advertisement---