Mahasamund Suicide: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के भंवरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुड़ीपार गांव में एक प्रेमी जोड़े के शव तालाब किनारे इमली के पेड़ से लटके मिले। दोनों के शव फंदे से लटके हुए पाए गए।
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान प्रिया नाग (20 वर्ष) निवासी सलीया भिलाईगढ़ और सूरज सेन (28 वर्ष) निवासी मुड़ीपार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था और पिछले 2-3 दिनों से अपने घर से लापता थे।

परिवार के विरोध के चलते उठाया कदम
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के रिश्ते को लेकर परिवार में नाराजगी और विरोध था। आशंका जताई जा रही है कि सामाजिक और पारिवारिक दबाव के चलते दोनों ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
पेड़ से फंदे पर लटके मिले शव
घटनास्थल पर युवक और युवती के शव दुपट्टे और गमछे के सहारे पेड़ से लटके हुए मिले। सुबह करीब 8:30 बजे ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

पुलिस कर रही जांच
सूचना मिलते ही भंवरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।





