Mahtari Vandan Yojana: महासमुंद: महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपए की सहायता राशि पर निर्भर हजारों महिलाओं के लिए इस बार जुलाई की शुरुआत निराशाजनक रही। ई-केवाईसी की निर्धारित समय सीमा पूरी नहीं होने के कारण महासमुंद जिले की करीब 9 हजार महिलाओं के खातों में जुलाई माह की किस्त जारी नहीं की जाएगी।![]()
9 हजार महिलाओं का ई-केवाईसी अधूरा
महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार जिले में महतारी वंदन योजना की 3 लाख 18 हजार हितग्राही महिलाओं का ई-केवाईसी कराया जाना था। इनमें से लगभग 3 लाख 8 हजार महिलाओं का सत्यापन पूरा हो गया, जबकि करीब 9 हजार महिलाओं का ई-केवाईसी लंबित रह गया। इसी कारण इन हितग्राहियों को जुलाई माह की किस्त का लाभ नहीं मिलेगा।
गांव-गांव चलाया गया विशेष अभियान
विभाग ने अंतिम तिथि से पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पर्यवेक्षकों और मैदानी अमले के माध्यम से विशेष अभियान चलाया। कई स्थानों पर शिविर लगाकर महिलाओं का ई-केवाईसी कराने का प्रयास किया गया, लेकिन निर्धारित समय सीमा तक सभी हितग्राहियों का सत्यापन पूरा नहीं हो सका।
विभागीय समीक्षा में सामने आया कि सबसे अधिक प्रभावित वे महिलाएं रहीं, जो रोजगार और मजदूरी के लिए दूसरे राज्यों में चली गई थीं। इसके अलावा कई मामलों में आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों में नाम, जन्मतिथि या अन्य जानकारी का मिलान नहीं हो पाया। कुछ मामलों में डुप्लीकेट आवेदन और कुछ हितग्राहियों की मृत्यु के कारण भी सत्यापन प्रक्रिया प्रभावित हुई।
8 हजार से अधिक महिलाओं ने किया पलायन
महिला एवं बाल विकास विभाग के सर्वे के अनुसार जिले की 8 हजार 200 से अधिक महिलाएं रोजगार और मजदूरी के लिए दूसरे राज्यों में गई हुई हैं। यही ई-केवाईसी अधूरा रहने का सबसे बड़ा कारण बना। इसके अलावा 450 से अधिक महिलाओं के आधार कार्ड में त्रुटियां मिलने से उनका सत्यापन पूरा नहीं हो सका।
बस्तर संभाग में बढ़ी थी समय सीमा
ई-केवाईसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद बस्तर संभाग के लिए अतिरिक्त समय दिया गया, लेकिन रायपुर संभाग के लिए ऐसा कोई आदेश जारी नहीं हुआ। इसका सीधा असर महासमुंद जिले की हजारों महिलाओं पर पड़ा, जिनका सत्यापन समय पर पूरा नहीं हो पाया।
ई-केवाईसी पूरा होने पर मिलेगी किस्त
महिला एवं बाल विकास विभाग ने स्पष्ट किया है कि जुलाई माह की किस्त रुकने का मतलब यह नहीं है कि हितग्राही योजना से बाहर हो गई हैं। जिन महिलाओं का ई-केवाईसी लंबित है, वे आधार संबंधी त्रुटियों में सुधार कर या आवश्यक दस्तावेज पूरे कर सत्यापन करा सकती हैं। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शासन के नियमों के अनुसार आगे की किस्तों का लाभ मिलता रहेगा।
अधिकारी ने क्या कहा
जिला कार्यक्रम अधिकारी टिकवेंद जाटवार ने बताया कि रायपुर संभाग में ई-केवाईसी की समय सीमा बढ़ाने का कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है। इसलिए जिन महिलाओं का सत्यापन लंबित है, उन्हें जुलाई माह की किस्त जारी नहीं की जाएगी। सत्यापन पूरा होने के बाद पात्र हितग्राहियों को आगामी किस्तों का लाभ मिलेगा।

