Raigarh Murder: रायगढ़ जिले के रैरूमाखुर्द क्षेत्र में एक युवक द्वारा अपनी ही मां की फावड़े से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।![]()
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम रैरूमाखुर्द निवासी गणपत दास महन्त ने 25 अप्रैल को पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनका छोटा बेटा आर्यन दास महन्त परिवार के अन्य सदस्यों को अधिक महत्व दिए जाने से नाराज रहता था और उसका व्यवहार लंबे समय से खिन्न था।
रात में वारदात को दिया अंजाम
घटना 24-25 अप्रैल की दरमियानी रात की है। गणपत, उनकी पत्नी फुलबाई महन्त और पुत्र आर्यन दुकान में सो रहे थे। सुबह शौच से लौटने के बाद आर्यन ने अपनी मां को दुकान से बाहर खींच लिया और घर में रखे गोबर फेंकने वाले फावड़े से गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
पिता पर भी किया हमला
वारदात के बाद आरोपी ने अपने पिता पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन गणपत किसी तरह जान बचाकर भाग निकले और पुलिस को सूचना दी।
आरोपी गिरफ्तार
सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।

