Raigarh News: रायगढ़ जिले में गुरुवार शाम तेज आंधी-तूफान और बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के चिरईपानी में स्थित ओम रूपेश एवं महालक्ष्मी उद्योग के बीच बनी बाउंड्री वॉल अचानक ढह गई। दीवार गिरने से उसके पास झोपड़ी बनाकर रह रहे मजदूर मलबे में दब गए।![]()
हादसे में रंभा यादव नामक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मजदूर घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि यह हादसा शाम करीब 6 बजे हुआ।
महिला गर्भवती होने की चर्चा
प्राथमिक जानकारी के अनुसार मृतक महिला के गर्भवती होने की भी चर्चा है, हालांकि प्रशासन या स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पूंजीपथरा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बाउंड्री वॉल किन परिस्थितियों में गिरी और हादसे के पीछे क्या कारण रहे।
5 दिन तक मौसम ऐसा ही रहने के आसार
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना बनी हुई है। वहीं दक्षिण-पश्चिम मानसून के छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बताई जा रही हैं।
बारिश की गतिविधियां बढ़ने से प्रदेश में गर्मी से राहत मिलने लगी है। पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया।

