Raipur News: रायपुर में कानून व्यवस्था बनाए रखने, अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण और स्पा सेंटरों का संचालन निर्धारित नियमों के अनुरूप सुनिश्चित करने के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने पश्चिम क्षेत्र में विशेष आकस्मिक जांच अभियान चलाया। इस दौरान कई स्पा सेंटरों की जांच की गई और संचालकों को नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।![]()
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) संदीप पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) राहुल देव शर्मा के नेतृत्व में पश्चिम क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्तों, सरस्वती नगर, आजाद चौक और डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया।
10 स्पा सेंटरों की हुई जांच
अभियान के दौरान सरस्वती नगर, आजाद चौक और डीडी नगर थाना क्षेत्र में संचालित कुल 10 स्पा सेंटरों की गहन जांच की गई। पुलिस ने स्पा सेंटरों में संचालित गतिविधियों, कर्मचारियों के पहचान संबंधी दस्तावेज, आगंतुकों का रिकॉर्ड, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशील स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, वैधानिक अभिलेखों और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की
पुलिस ने यह भी सुनिश्चित किया कि स्पा सेंटरों का संचालन निर्धारित नियमों और शर्तों के अनुरूप हो तथा वहां किसी प्रकार की अवैध या संदिग्ध गतिविधि संचालित न हो।
नियमों का करें पालन
निरीक्षण के दौरान संचालकों को सभी आवश्यक अभिलेख अद्यतन रखने, कर्मचारियों का सत्यापन कराने, सीसीटीवी कैमरों को नियमित रूप से चालू रखने और शासन के सभी नियमों व दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों के उल्लंघन या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

