CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार जुलाई के दूसरे सप्ताह में धीमी पड़ गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि सरगुजा संभाग में कई स्थानों पर अच्छी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
4 जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार के लिए सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर और जशपुर जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। 13 जुलाई से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।
21 प्रतिशत कम हुई बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 11 जुलाई तक प्रदेश में 252.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य रूप से 320.6 मिमी बारिश होनी चाहिए थी। इस तरह अब तक प्रदेश में सामान्य से 21 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
सरगुजा और बस्तर में अच्छी बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान सरगुजा संभाग के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। वहीं बस्तर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भी अच्छी वर्षा दर्ज की गई। हालांकि पूरे मानसून सत्र को देखें तो प्रदेश अब भी औसत वर्षा से पीछे चल रहा है।
दुर्ग सबसे गर्म, अंबिकापुर सबसे ठंडा
प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
अगले 24 घंटे का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना भी है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में रविवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। बीच-बीच में हल्की बारिश हो सकती है। गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

