CG Monsoon Session 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक लता उसेंडी ने कोंडागांव स्थित शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय में बीएड और डीएड पाठ्यक्रम संचालित नहीं होने तथा रिक्त पदों का मुद्दा उठाया। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी सरकार से सवाल किए।![]()
जवाब में उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में लागू है। उन्होंने बताया कि बीएड और डीएड महाविद्यालयों को लेकर टास्क फोर्स का गठन किया गया है तथा प्रदेश के 13 महाविद्यालयों में इन पाठ्यक्रमों को शुरू करने की संभावना पर काम किया जा रहा है।
इससे पहले विधानसभा में पद्म विभूषण तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने उनके योगदान को याद किया। श्रद्धांजलि के बाद उनके सम्मान में सदन की कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित कर दी गई।
चंदा चोरी मामले पर मचा बवाल
वहीं आज विधानसभा में अयोध्या के राम मंदिर में चंदा चोरी का मामला गूंजा। विपक्ष ने इस पर स्थगन प्रस्ताव लाते हुए सदन में चर्चा कराने की मांग की। स्पीकर ने इसे सदन से बाहर का विषय बताते हुए विपक्ष का स्थगन नामंजूर कर दिया। इस पर विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। लगातार कार्यवाही बाधित होते देख स्पीकर ने सदन की कार्यवाही 5 मिनट के लिए स्थगित कर दी।
नेता प्रतिपक्ष डॉ चरण दास महंत ने अयोध्या के राम मंदिर में हुए चंदा चोरी पर स्थगन लाते हुए कहा कि इससे प्रदेश के लोगों की आस्था भी जुड़ी है इसलिए सदन में इस पर चर्चा कराई जाए। इस पर भाजपा सदस्य अजय चंद्राकर ने आपत्ति जताते हुए कहा कि यह सदन का विषय नहीं है इसलिए चर्चा नहीं हो सकती।
इसके बाद भी नेता प्रतिपक्ष अपनी बात रखते रहे और अजय चंद्राकर उन्हें बाधित करते रहे। इसी बीच स्पीकर ने स्थगन प्रस्ताव खारिज कर दी। इसके बाद भी विपक्ष नारेबाजी व हंगामा करता रहा जिसे देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने सदन की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक स्थगित करने की घोषणा कर दी ।
मंगलवार को कांग्रेस सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी में है। नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई को लेकर स्थगन प्रस्ताव लाने की भी तैयारी की गई है। सत्र शुरू होने से पहले मंत्री खुशवंत साहेब और दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर अपने सरकारी बंगले से पिंक ईवी ऑटो में सवार होकर विधानसभा पहुंचे।
कांग्रेस उठाएगी अतिक्रमण का मुद्दा
कांग्रेस विधायक संगीता सिन्हा प्रदेश में अतिक्रमण और उससे जुड़े मामलों को लेकर सरकार से जवाब मांगेंगी। माना जा रहा है कि शहरी क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और उससे प्रभावित लोगों का मुद्दा भी सदन में उठाया जाएगा। वहीं कांग्रेस विधायक कवासी लखमा सुकमा जिले के गांवों में विद्युतीकरण से जुड़े सवाल सरकार के सामने रखेंगे।
CG MLA Report Card: विधानसभा में सवाल नहीं पूछ पा रहे कई विधायक, आंकड़े देख रह जायेंगे हैरान


