CG 10th 12th Toppers Reward: छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल ने पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के मेधावी बच्चों के लिए बड़ी घोषणा की है। वर्ष 2025-26 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में शीर्ष 10 स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 2-2 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इसके लिए मंडल ने टॉप 10 विद्यार्थियों की सूची भी तैयार कर ली है।![]()
जानकारी के अनुसार यह सम्मान “मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना” के तहत दिया जाएगा। प्रत्येक चयनित विद्यार्थी को कुल 2 लाख रुपये का लाभ मिलेगा। इसमें 1 लाख रुपये नकद प्रोत्साहन राशि के रूप में दिए जाएंगे, जबकि 1 लाख रुपये दोपहिया वाहन खरीदने के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे।
मंडल के सचिव गिरीश कुमार रामटेके ने मुख्यमंत्री कार्यालय को पत्र भेजकर सम्मान समारोह की तिथि और समय निर्धारित करने का अनुरोध किया है। प्रस्तावित कार्यक्रम मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया जाएगा, जिसमें मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
केवल पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों को मिलेगा लाभ
मंडल ने स्पष्ट किया है कि योजना का लाभ केवल उन विद्यार्थियों को मिलेगा, जिनके माता-पिता छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत निर्माण श्रमिक हैं। यह सम्मान छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में शीर्ष 10 स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए है।
रायपुर में होगा सम्मान समारोह
कार्यक्रम की तिथि तय होने के बाद राजधानी रायपुर में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। संभावना है कि यह कार्यक्रम महानदी भवन या किसी अन्य निर्धारित स्थल पर आयोजित हो। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मेधावी विद्यार्थियों को अपने हाथों से चेक और सम्मान प्रदान करेंगे।
मंडल का मानना है कि इस योजना से निर्माण श्रमिकों के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा मिलेगी। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के होनहार विद्यार्थियों को यह सहायता उच्च शिक्षा और बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करेगी।
