Raigarh Accident: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मंगलवार शाम दो कोयला लदे ट्रेलरों की आमने-सामने टक्कर के बाद भीषण आग लग गई। हादसे में एक ट्रेलर चालक आग की चपेट में आ गया और जिंदा जलकर उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरे ट्रेलर का चालक वाहन से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों वाहनों को आग की लपटों में घिरा देखा जा सकता है।. जानकारी के अनुसार हादसा तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम झिंकाबहाल के पास मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रेलरों में तुरंत आग लग गई। आग तेजी से फैल गई और एक चालक वाहन के भीतर ही फंस गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। तमनार थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक एक ट्रेलर पूरी तरह जल चुका था।. दोनों ट्रेलरों में लदा था कोयला. पुलिस के मुताबिक एक कोयला लदा ट्रेलर गारे 4/6 माइंस से डोंगामौआ की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा ट्रेलर ओडिशा की ओर से किसी पावर प्लांट की तरफ जा रहा था। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग भड़क गई।. हादसे में जान गंवाने वाले चालक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मर्चुरी भेज दिया है। वहीं दूसरे ट्रेलर का चालक घटना के बाद मौके से चला गया, जिसकी तलाश की जा रही है।. जांच में जुटी पुलिस. तमनार थाना प्रभारी प्रशांत राव आहेर ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस मृतक चालक की पहचान करने के साथ-साथ दुर्घटना के कारणों का भी पता लगाने में जुटी है।
Raigarh Accident: 2 ट्रेलरों की जोरदार भिड़ंत, जिंदा जला ड्राइवर, रूह कंपा देने वाली VIDEO
By worldprime
On: जून 3, 2026 12:31 अपराह्न
---Advertisement---