CG News: कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र के ग्राम खेतार में जंगल से पुटु (मशरूम) तोड़ने गए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने आशंका जताई है कि युवक की मौत बिच्छू के डंक से हुई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।. पुटु तोड़ने के दौरान बिच्छू ने मारा डंक. जानकारी के अनुसार, करतला के रामपुर निवासी नंदलाल मँझवार (32) अपनी पत्नी के साथ ससुराल ग्राम खेतार आए हुए थे। मंगलवार (7 जुलाई) दोपहर बारिश थमने के बाद दोनों जंगल में पुटु (मशरूम) तोड़ने गए थे। इसी दौरान नंदलाल ने पत्नी को बताया कि उन्हें किसी जहरीले जीव, संभवतः बिच्छू ने डंक मार दिया है।. बैगा से कराया झाड़-फूंक. दोनों घर लौटे और परिजनों को घटना की जानकारी दी। नंदलाल की तबीयत लगातार बिगड़ने लगी, लेकिन उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय परिजनों ने गांव के बैगा से झाड़-फूंक और टोना-टोटका कराया। देर शाम उनकी हालत और गंभीर हो गई, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।. ग्रामीणों के अनुसार, कई दिनों से गांव में बिजली आपूर्ति बंद थी, जिससे मोबाइल फोन भी बंद पड़े थे। इसी कारण परिजन 112 और एंबुलेंस सेवा से संपर्क नहीं कर सके तथा झाड़-फूंक का सहारा लेना पड़ा। घटना की सूचना मिलने पर बालको पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
CG News: बिच्छू के डंक से युवक की मौत, बैगा से कराया झाड़-फूंक
By worldprime
On: जुलाई 8, 2026 6:56 अपराह्न
---Advertisement---