CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने लंबे इंतजार के बाद निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड में नई नियुक्तियों की घोषणा कर दी है। जारी सूची के अनुसार 13 निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों सहित कुल 25 नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष के रूप में डॉ. ममता साहू को नियुक्त किया गया है। वहीं छत्तीसगढ़ राज्य केश शिल्पी कल्याण बोर्ड का अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास और सदस्य देवशरण सेन बनाए गए हैं। छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल चौहान, उपाध्यक्ष वेदराम मनहरे तथा तीन सदस्यों की भी नियुक्ति की गई है।![]()
मछुआ बोर्ड से शिक्षा आयोग तक नई जिम्मेदारियां
सरकार ने छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष आनंद निषाद और सदस्य नेतराम निषाद को नियुक्त किया है। छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्या मंडल के अध्यक्ष राजेश कुमार राजपूत तथा सदस्य सुमन मुथा बनाए गए हैं। शाकंभरी बोर्ड के अध्यक्ष राजेंद्र नायक के साथ चार सदस्यों की नियुक्ति भी की गई है। वहीं छत्तीसगढ़ राज्य शिक्षा आयोग के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सुधीर गौतम को सौंपी गई है।
रायपुर विकास प्राधिकरण को मिला नया उपाध्यक्ष
जारी सूची के अनुसार राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग में मनमथ नाथ शर्मा को सदस्य बनाया गया है। छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम में प्रसन्ना अवस्थी को सदस्य नियुक्त किया गया है। रायपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पद पर डॉ. जे.पी. शर्मा की नियुक्ति की गई है।
श्रम कल्याण मंडल और गौ सेवा आयोग में भी नियुक्तियां
सरकार ने छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के उपाध्यक्ष के रूप में किशोर महानंद को जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष आनंद कुमार तिवारी (राजीव लोचन दास महाराज) बनाए गए हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष पद पर मंगल दास ठाकुर की नियुक्ति की गई है।
सरकार ने शिक्षा आयोग, शाकंभरी बोर्ड, संस्कृत विद्या मंडल, रायपुर विकास प्राधिकरण, श्रम कल्याण मंडल, गौ सेवा आयोग, अनुसूचित जाति आयोग, अनुसूचित जनजाति आयोग, फिल्म विकास निगम, राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग सहित विभिन्न संस्थाओं में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्तियां की हैं। इन नियुक्तियों का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था। सूची जारी होने के साथ ही विभिन्न निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड में नई जिम्मेदारियां तय हो गई हैं।



