CG Students Fainted: छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल में छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। छात्राएं अचानक चीखने-चिल्लाने लगीं, उनके हाथ-पैर अकड़ गए और कुछ देर बाद वे बेहोश हो गईं। पिछले तीन दिनों में ऐसे 8 मामले सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है।![]()
चीखने-चिल्लाने के बाद बेहोश हो रही छात्राएं
जानकारी के अनुसार पहली घटना 9 जुलाई को कक्षा 9वीं-ए की छात्राओं के साथ हुई। एक छात्रा को अचानक चक्कर आया, जिसके बाद कुछ ही देर में दूसरी छात्रा जोर-जोर से चीखने लगी। बाद में तीन अन्य छात्राओं की भी तबीयत बिगड़ गई। सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ समय बाद उनकी स्थिति सामान्य हो गई।
8 छात्राएं बेहोश
अगले दो दिनों में भी इसी तरह की घटनाएं सामने आईं। अब तक कुल 8 छात्राओं की तबीयत बिगड़ चुकी है। इनमें से एक छात्रा में सिकलिन की समस्या पाई गई, जबकि अन्य सभी छात्राओं की मेडिकल रिपोर्ट सामान्य आई है।
9वीं की छात्राएं हुईं प्रभावित
स्कूल प्रबंधन के अनुसार यह स्थिति केवल डे-शिफ्ट की कक्षा 9वीं-ए की छात्राओं में ही देखने को मिली है। अन्य कक्षाओं के विद्यार्थियों या शिक्षकों में ऐसी कोई समस्या सामने नहीं आई है।
सभी की जांच रिपोर्ट नॉर्मल
स्कूल की प्राचार्य ने बताया कि सभी छात्राओं का उपचार कराया गया है और उनकी हालत सामान्य है। जिला शिक्षा विभाग को पूरे मामले की जानकारी दे दी गई है। छात्राओं की काउंसलिंग के लिए मनोवैज्ञानिक टीम को बुलाया गया है। एहतियात के तौर पर कक्षा 9वीं-ए का कमरा भी बदल दिया गया है।
स्कूल प्रबंधन समिति की बैठक में अभिभावकों से चर्चा कर बच्चों का मनोबल बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई।





