Dhamtari Train Trial: छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर में ब्रॉडगेज रेलवे परियोजना को लेकर बड़ी उत्साह और खुशी का माहौल बन गया, बुधवार शाम धमतरी रेलवे स्टेशन पर पहली बार ब्रॉडगेज लाइन से मालगाड़ी पहुंची। वर्षों से बड़ी रेल लाइन का इंतजार कर रहे लोगों के लिए यह पल किसी ऐतिहासिक अवसर से कम नहीं था। ट्रेन के स्टेशन पहुंचने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग रेलवे स्टेशन पहुंच गए।
दरअसल, धमतरी-रायपुर बड़ी रेल लाइन परियोजना अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। रेलवे विभाग द्वारा ट्रैक और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की जांच के लिए परीक्षण कार्य किया जा रहा है। इसी प्रक्रिया के तहत ट्रेन के स्टेशन पहुंचने से लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला।![]()
अंतिम चरण में पहुंचा रेल लाइन का कार्य
जिला कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने बताया कि धमतरी-रायपुर बड़ी रेल लाइन परियोजना का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। वर्तमान में पटरियों और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की टेस्टिंग की जा रही है। आने वाले दिनों में ट्रायल रन भी किया जाएगा। ट्रायल सफल रहने पर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इस बहुप्रतीक्षित रेल लाइन को शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
अभनपुर से धमतरी होते हुए रायपुर तक जुड़ने वाली यह बड़ी रेल लाइन जिले के विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। लगभग 70 किलोमीटर लंबे इस रेल मार्ग के शुरू होने से यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा की सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा व्यापारियों, किसानों, ट्रांसपोर्टरों और स्थानीय उद्योगों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। माल परिवहन की सुविधा बेहतर होने से आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र में नए निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
स्टेशन पर विकसित हो रही आधुनिक सुविधाएं
रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए आरक्षण काउंटर, प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे यात्रियों को बेहतर सेवाएं मिल सकें।
समय और खर्च दोनों की होगी बचत
कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि बड़ी रेल लाइन शुरू होने के बाद लोगों की सड़क परिवहन पर निर्भरता कम होगी। इससे यात्रा में लगने वाले समय और खर्च दोनों में कमी आएगी। परियोजना के शेष कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है और अगले महीने तक इसे पूरी तरह तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।

