Raigarh Video: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में एक युवती ने शासकीय महाविद्यालय के प्रोफेसर पर अश्लील संदेश भेजने और लगातार परेशान करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि प्रोफेसर ने युवती पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर वह लगातार व्हाट्सएप और टेलीग्राम के माध्यम से आपत्तिजनक संदेश भेजता रहा। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवती प्रोफेसर से विवाद करती और उसे थप्पड़ मारती दिखाई दे रही है।![]()
प्रोफेसर ने सेक्स करने कहा
जानकारी के अनुसार प्रोफेसर रेमन भार्गव लैलूंगा के शासकीय महाविद्यालय कुंजारा में पदस्थ हैं। युवती उनके पड़ोस में रहती है। युवती का आरोप है कि पिछले करीब डेढ़ वर्ष से प्रोफेसर लगातार अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेजकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। उसने इस संबंध में लैलूंगा थाने में लिखित शिकायत भी दी थी।
कॉलोनी पहुंचकर किया विरोध
बताया जा रहा है कि 1 जुलाई को युवती अपने मंगेतर के साथ प्रोफेसर की कॉलोनी पहुंची। वहां दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद युवती ने प्रोफेसर को थप्पड़ मार दिए। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में युवती ने प्रोफेसर पर गंभीर आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। इस दौरान प्रोफेसर की पत्नी भी माफी मांगती हुई दिखाई दे रही हैं।
अन्य युवतियों को भी परेशान करता था
युवती ने आरोप लगाया कि प्रोफेसर ने कई अन्य लड़कियों को भी परेशान किया है। उसने ऐसी युवतियों से सामने आने की अपील करते हुए कहा कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह कानूनी लड़ाई आगे भी जारी रखेगी।
कॉलेज प्रबंधन ने क्या कहा ?
शासकीय महाविद्यालय कुंजारा के प्राचार्य एमएल पटेल ने बताया कि यह घटना कॉलेज परिसर के बाहर की है और कॉलेज में इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यदि कॉलेज को शिकायत मिलती तो नियमानुसार उच्च अधिकारियों को इसकी जानकारी देकर आवश्यक कार्रवाई की जाती।
थाने में हुआ समझौता
लैलूंगा थाना प्रभारी गिरधारी साव ने बताया कि युवती ने प्रोफेसर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया, जिसके बाद मामले में आगे कोई कार्रवाई नहीं की गई।


