Raipur Accident: छत्तीसगढ़ के दुर्ग-रायपुर राष्ट्रीय राजमार-53 पर गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो सगी बहनें और दो मासूम बच्चियां शामिल हैं। हादसे में एक 8 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका इलाज एम्स रायपुर में चल रहा है। घटना कुम्हारी थाना क्षेत्र की है।![]()
खड़े ट्रैक्टर से टकराई स्कूटी
पुलिस के मुताबिक, सोमनी भिलाई-3 निवासी अमृता निर्मलकर अपने परिवार के साथ स्कूटी से रायपुर के बसंत विहार स्थित मामा के घर जा रही थीं। स्कूटी पर कुल पांच लोग सवार थे। सुबह करीब 10 से 10:30 बजे के बीच सड़क किनारे खड़े ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे ट्रैक्टर के पीछे स्कूटी जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि दो महिलाओं और दो बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई।
4 लोगों की मौके पर मौत
हादसे में अमृता निर्मलकर (28), उनकी सगी बहन लक्ष्मी निर्मलकर (26), 7 वर्षीय याचना और 4 वर्षीय डाली की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अमृता का 8 वर्षीय बेटा भावेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया है।
2 दिन पहले मनाया था बेटी का जन्मदिन
परिजनों के अनुसार हादसे से दो दिन पहले 14 जुलाई को याचना का जन्मदिन मनाया गया था। इसके अगले दिन परिवार रिश्तेदारों से मिलने रायपुर के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
ट्रैक्टर जब्त
पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। चालक भोला यादव को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला मॉर्च्युरी भेजा गया है। मामले की जांच जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि हादसे के समय राष्ट्रीय राजमार्ग से नेताओं का काफिला गुजर रहा था। उनका कहना है कि पुलिस प्रोटोकॉल ड्यूटी में व्यस्त थी और हादसे के बाद तत्काल राहत कार्य में तेजी नहीं दिखाई गई। हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।



