Raipur Plant Fire: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के आरंग क्षेत्र स्थित मंदिर हसौद के मिवान स्टील लिमिटेड प्लांट में मंगलवार सुबह भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी भयावह थी कि काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देता रहा। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।![]()
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 5:30 बजे प्लांट में आग लगने की सूचना मिली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और प्लांट के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और गुबार दूर-दूर धुएं का तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर प्रशासन और पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। अधिकारियों की निगरानी में राहत और बचाव कार्य चलाया गया। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों को लगाया गया।
टर्बाइन लीकेज से आग
मंदिर हसौद थाना प्रभारी के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्लांट के भीतर टर्बाइन लीकेज होने के कारण आग लगी थी। हालांकि आग लगने के सटीक कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू
फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। प्रशासन ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में होने की पुष्टि की है।
जांच में जुटा प्रशासन
तहसीलदार विनोद साहू ने बताया कि मिवान स्टील प्लांट में आग लगने की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई थी। आग लगने के कारणों और हुए नुकसान की विस्तृत जांच की जा रही है।
