Raipur Shoes Theft: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। आमतौर पर चोर नकदी, जेवरात और कीमती सामान को निशाना बनाते हैं, लेकिन इस बार एक शातिर चोर घरों के बाहर रखे महंगे और ब्रांडेड जूतों की चोरी करता नजर आया है। लगातार हो रही इन घटनाओं से इलाके के लोग परेशान हैं। चोर की करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।. घर के बाहर रखे ब्रांडेड जूतों की चोरी. जानकारी के अनुसार मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र के राजीव नगर का है। यहां पिछले कुछ दिनों से एक अज्ञात चोर सक्रिय है, जो रात के समय कॉलोनी के अलग-अलग मकानों के बाहर रखे ब्रांडेड जूते और अन्य सामान चोरी कर रहा है। 8 जुलाई की देर रात भी आरोपी ने कई घरों के बाहर रखे महंगे जूतों और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया।. CCTV में कैद पूरी वारदात. इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी की पूरी करतूत रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में देखा जा सकता है कि चोर देर रात कॉलोनी में घूमता है और घरों के बाहर रखे ब्रांडेड जूतों को उठाकर फरार हो जाता है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से राजीव नगर के रहवासी चिंतित हैं। लोगों का कहना है कि पहले घरों के बाहर जूते रखना सामान्य बात थी, लेकिन अब चोरी के डर से उन्हें अपने जूते भी घर के अंदर रखने पड़ रहे हैं। कॉलोनीवासियों ने पुलिस से आरोपी की जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार करने और ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।. जांच में जुटी पुलिस. खम्हारडीह थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
Raipur Shoes Theft: रायपुर में ब्रांडेड जूतों की चोरी, घर के बाहर रखे शूज पर नजर; VIDEO वायरल
By worldprime
On: जुलाई 11, 2026 1:12 अपराह्न
---Advertisement---