आरंग। नेशनल हाईवे-53 पर मंदिर हसौद थाना के सामने बुधवार को एक भीषण त्रिकोणीय सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कंटेनर, रायपुर जा रही किरण ट्रेवल्स की यात्री बस और पुलिस की पेट्रोलिंग वाहन डायल 112 के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी यात्री या पुलिसकर्मी को गंभीर चोट नहीं आई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, डायल 112 की टीम पेट्रोलिंग के बाद थाने की ओर मुड़ रही थी, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने उसे टक्कर मार दी। इसके बाद कंटेनर के पीछे चल रही यात्री बस भी उससे जा भिड़ी।
टक्कर के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया। डायल 112 वाहन, कंटेनर और बस को भारी नुकसान पहुंचा, जबकि बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सूचना मिलते ही मंदिर हसौद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सामान्य किया गया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
The post नेशनल हाईवे पर दर्दनाक त्रिकोणीय टक्कर, यात्री बस और कंटेनर से टकराई पुलिस डायल 112 appeared first on News Today Chhattisgarh.