CG Heroin Smuggling: छत्तीसगढ़ में अंतरराज्यीय हेरोइन तस्करी के बड़े नेटवर्क का धमतरी पुलिस ने खुलासा किया है। पंजाब से हेरोइन (चिट्टा) लाकर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई करने वाले पति-पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके पास से 56 ग्राम हेरोइन, मोबाइल और कार जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 16 लाख 24 हजार 240 रुपए आंकी गई है।. गिरफ्तार आरोपियों में निजामुद्दीन कुरैशी (28), अनिता नेताम (37) और मोहम्मद इस्लामुद्दीन कुरैशी (34) शामिल हैं, जो बालोद जिले के मुसलमान पारा के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, मुख्य सरगना इस्लामुद्दीन ही पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा था।. धमतरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि श्यामतरई फारेस्ट नाका के पास एक कार में हेरोइन की बिक्री की जा रही है। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी इस्लामुद्दीन पिछले डेढ़ से दो वर्षों से पंजाब से ट्रेन के जरिए हेरोइन लाकर छत्तीसगढ़ में सप्लाई कर रहा था। इस कार्रवाई के साथ पुलिस ने अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क की एक अहम कड़ी को तोड़ दिया है।. मामले में थाना अर्जुनी में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) और 29 के तहत अपराध दर्ज किया गया है और उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।. पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी इस्लामुद्दीन पिछले 8 महीनों से पुलिस की रडार पर था और रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद व धमतरी समेत कई जिलों में सक्रिय था। वह बार-बार मोबाइल नंबर बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन लगातार निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से आखिरकार पकड़ में आ गया।
CG Heroin Smuggling: पंजाब से छत्तीसगढ़ तक हेरोइन सप्लाई, पति-पत्नी समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, चिट्टा जब्त
By worldprime
On: अप्रैल 16, 2026 2:01 अपराह्न
---Advertisement---