CG Murder: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में नाबालिग बेटी से दूर रहने की हिदायत देने से नाराज युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता ने 8 दिन तक कोमा में रहने के बाद इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ दी है।![]()
मृतक की पहचान गौकरण साहू (35) के रूप में हुई है, जो खेती-किसानी करते थे। मुख्य आरोपी भानुप्रताप जैन (18) पार्सल डिलीवरी का काम करता था। घटना बालोद जिले के पिनकापार चौकी क्षेत्र के ग्राम संबलपुर की है।
बेटी से जान-पहचान बनी विवाद की वजह
पुलिस जांच के अनुसार करीब डेढ़ साल पहले मुख्य आरोपी की गौकरण साहू की नाबालिग बेटी से जान-पहचान को लेकर विवाद हुआ था। गौकरण साहू ने आरोपी और उसके माता-पिता को बुलाकर फटकार लगाई थी तथा बेटी से दूर रहने की हिदायत दी थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने बदला लेने की साजिश रची।
रात में घर में घुसकर किया हमला
30 जून की देर रात गौकरण साहू अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान मुख्य आरोपी अपने पांच साथियों के साथ दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी से गांव पहुंचा। दो आरोपी बाहर निगरानी करते रहे, जबकि चार आरोपी घर के अंदर घुस गए।
आरोपियों ने लाठी-डंडों और लकड़ी के राफ्टर से गौकरण साहू के सिर, पीठ और कमर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। शोर सुनकर परिजन और उनकी 13 वर्षीय बेटी जाग गई, जिसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर चोट लगने के कारण गौकरण साहू को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 8 दिन तक कोमा में रहने के बाद बुधवार को उनकी मौत हो गई।

24 घंटे में 6 आरोपी गिरफ्तार
देवरी थाना पुलिस ने फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड, साइबर सेल और सीसीटीवी फुटेज की मदद से घटना के 24 घंटे के भीतर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लाठी-डंडे, लकड़ी का राफ्टर, दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी जब्त की है। देवरी थाना प्रभारी मनीष शेंडे ने बताया कि पीड़ित की मौत के बाद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत हत्या का मामला भी दर्ज कर लिया गया है।


