तमिलनाडु में एक्टर विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के विधायकों को 35 करोड़ रुपए का लालच देकर राज्य सरकार को गिराने की कथित साजिश का दावा किया गया है। राज्य के खुफिया विभाग ने कहा है कि इस योजना को समय रहते नाकाम कर दिया गया। पार्टी सूत्रों के अनुसार, साजिश के तहत TVK के 15 विधायकों से एक साथ इस्तीफा दिलाकर सरकार को संकट में डालने की तैयारी थी। इसी बीच ऊथंगुरै से TVK विधायक डॉ. एन. इलैयाराजा ने आरोप लगाया कि उन्हें स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव में वोट देने के बदले 35 करोड़ रुपए की रिश्वत की पेशकश की गई। शिकायत के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने जांच शुरू की और चेन्नई की एक कंसल्टेंसी फर्म से जुड़े तीन लोगों (तिरुनावुक्करासु, नरेष और त्यागराजन) को गिरफ्तार किया। जांच में उनके DMK विधायक सेंथिल बालाजी से संबंध होने की जानकारी मिली है। 35 करोड़ की पेशकश की गई थी: विधायक 29 जून को विधायक इलैयाराजा ने चेन्नई पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि थिरुनावुक्करासु नाम के व्यक्ति ने खुद को एक सर्वे एजेंसी का प्रमुख बताकर उनसे फोन पर संपर्क किया। आरोपी ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ प्रस्ताव लाया जाएगा और उनसे सत्तारूढ़ दल के खिलाफ वोट देने को कहा। इसके बदले में उसने 35 करोड़ रुपए देने की पेशकश की। विधायक ने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया। उनका आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने बातचीत का खुलासा करने पर उन्हें और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। हमारे विधायकों से संपर्क में हैं DMK नेता: कुमार तमिलनाडु के मंत्री सीटी निर्मल कुमार ने डीएमके पर एआईएडीएमके प्रमुख एडप्पाडी के पलानीस्वामी के साथ मिलकर विजय के नेतृत्व वाली सरकार को गिराने की साजिश रचने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि टीवीके के कई विधायकों को दल-बदल के लिए पैसे की पेशकश की गई है। उन्होंने कहा- डप्पाडी पलानीस्वामी और अन्य लोग गुपचुप तरीकों से सरकार बनाने की कोशिश कर रहे थे। आज हम उसका नतीजा देख रहे हैं। एमके स्टालिन और उदयनिधि के इशारे पर काम करते हुए सेंथिल बालाजी जैसे डीएमके के प्रमुख नेता हमारे कई विधायकों से संपर्क कर रहे हैं। वे उन्हें 20 करोड़ से 50 करोड़ रुपए तक की पेशकश कर रहे हैं। हमारा ऐसा कोई विधायक नहीं है, जिससे उन्होंने संपर्क न किया हो। TVK एक नैरेटिव गढ़ रहा है: डीएमके: डीएमके के प्रवक्ता ए. सरवनन ने कहा- टीवीके जांच से जुड़ी जानकारी लीक करके सिर्फ जनता के बीच सनसनी फैलाना चाहती है। इससे पता चलता है कि उन्हें तथ्यों की जानकारी नहीं है और वे सिर्फ एक मनगढ़ंत कहानी बना रहे हैं। अगर उसके पास पुख्ता सबूत हैं तो वह सेंथिल बालाजी को गिरफ्तार करके दिखाए। उन्होंने आगे कहा- विजय और सेंथिल बालाजी के बीच संबंध बेहद तनावपूर्ण हैं। डीएमके के पूर्व मंत्री करूर से ताल्लुक रखते हैं, जहां विजय की चुनावी रैली के दौरान भगदड़ मच गई थी। विजय ने तब बालाजी पर उन्हें बदनाम करने के लिए भगदड़ की साजिश रचने का आरोप लगाया था। बालाजी ने इस आरोप से इनकार किया था। जनता का समर्थन डीएमके के साथ था: स्टालिन हाल ही में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने कहा था कि TVK के पास अकेले सरकार चलाने के लिए पर्याप्त जनसमर्थन नहीं है, उन्होंने कहा कि पार्टी विधानसभा में बहुमत के आंकड़े तक नहीं पहुंची है। इसलिए यह सरकार सहयोगी दलों के समर्थन से चल रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव में जनता का समर्थन उनकी पार्टी के साथ था और मौजूदा सरकार कुछ राजनीतिक दलों के गठबंधन और समर्थन के आधार पर बनी है, उन्होंने TVK सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह व्यवस्था ज्यादा समय तक आगे नहीं बढ़ पाएगी। ———————– तमिलनाडु से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… उदयनिधि का तमिलनाडु CM पर पत्नी को लेकर तंज:विपक्ष के नेता ने कहा- चेंगलपट्टू कोर्ट में पति की तलाश कर रही पत्नी तमिलनाडु की राजनीति में व्यक्तिगत टिप्पणियों को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। विपक्ष के नेता उधयनिधि स्टालिन ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय पर अप्रत्यक्ष रूप से व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए कहा कि चेंगलपट्टू कोर्ट में एक पत्नी अपने पति को खोज रही है। पूरी खबर पढ़ें…
तमिलनाडु में विजय सरकार गिराने की साजिश:TVK का दावा- 15 विधायकों का एक साथ इस्तीफा कराने 35 करोड़ रिश्वत देने की कोशिश
By worldprime
On: जुलाई 1, 2026 4:01 अपराह्न
---Advertisement---